#मैंट्रेनअजनबीऔरमृतात्मा।
(पहला पार्ट)
साल 2001...
यह जनवरी महीने के रविवार की एक साधारण सी रात थी। वैसे तो भारत में कुछ महीने कुछ खास जगहों पर कुछ खास वजह से पहचाने जाते हैं। जैसे जनवरी महीना उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली जैसे मैदानी इलाकों में अपनी हांड-कंपाऊ सर्दी की वजह से जाना जाता है। ऐसी ही कड़कड़ाती सर्दी की एक रात, ठीक 11 बजे एक एक्सप्रेस ट्रेन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर आकर रुकी। ग्वालियर से आगरा तक आते-आते इस ट्रेन को ढाई घंटे लग गये थे। स्टेशन पर प्राणीमात्र के नाम पर केवल एक लड़का जिसकी उम्र 21 या 22 साल की लग रही थी, ऊपर से नीचे तक ऊनी कपड़ों में लिपटा हुआ खड़ा हुया था। कपड़ो से इतनी बुरी तरह लिपटे होने के बावजूद उसका जिस्म सर्द हवा के झोंके से काँप उठता था। ट्रेन के रुकते ही लड़का फुर्ती से ट्रेन के एक स्लीपर क्लास कूपे में सवार हो गया। सर्दी का मौसम, रात का सफर, ट्रेन में मुसाफिर बहुत कम थे। मुसाफिरों की यह संख्या शायद सर्दी की वजह से या उस लड़के की किस्मत की वजह से कम थी। कूपे में नीले रंग का मद्धम प्रकाश फैला हुआ था और तमाम खिड़कियां बंद थी लेकिन सर्द हवा न जाने कहाँ से अंदर आकर मुसाफिरों के कंबलों और ऊनी कपड़ों से लिपटे हुए बदन के साथ गुदगुदी कर रही थी। लड़का कूपे में दाखिल होते ही अपने बैठने के लिए माकूल जगह की तलाश करने लगा।
कहने को तो पूरी ट्रेन में मुसाफिर कम थे लेकिन फिर भी इक्का- दुक्का कोई न कोई जना कूपे के हर केबिन में सवार अपनी सीट पर पसरा हुआ था सिवाय एक केबिन के। इस केबिन में केवल एक लड़का बैठा हुआ था, जिसके तन पर इतनी सर्दी में भी जीन्स-शर्ट के अलावा केवल एक जैकेट थी और सर पर न कोई कैप और न ही मफलर था। लड़के के अतिरिक्त और कोई मुसाफिर इस केबिन में नहीं था और शायद यही लड़का बाकी मुसाफिरों की तरह सोया हुआ नहीं था। लड़का भाव-शून्य बैठा हुआ एक किताब पढ़ रहा था जिसका शीर्षक "मुक्ति की ओर" उसकी उम्र के हिसाब से मेल नहीं खा रहा था। अपने आस-पास के माहौल से पूरी तरह निर्लिप्त वो लड़का इतनी कम रोशनी में भी अपनी किताब में खोया हुआ था या तो किताब बहुत ज्यादा रोचक थी या उसकी आँखे निशाचरी थीं जो केवल मद्धम रोशनी में ही सही ढंग से देख पातीं थीं।
दुर्भाग्यवश उस लड़के ने बैठने के लिए उसी केबिन को चुना और उस जैकेट वाले लड़के के सामने आकर बैठ गया। शायद वो एक हमउम्र होने का एहसास रहा हो या खाली सीट का मिलना बहरहाल अब उस केबिन में दो मुसाफिर सवार थे और दोनों उस एक्सप्रेस ट्रेन की मार्फ़त अपनी मंजिल की ओर अग्रसर थे। जैकेट वाले ने नए लड़के की तरफ एक नजर भी नहीं डाली थी और उसे पूरी तरह अवहेलित कर दिया था। इससे नया लड़का खुद को असहज महसूस कर रहा था। जैकेट वाले का व्यक्तित्व कुछ रहस्यमयी सा था। नया लड़का उसे अचरज से देखता हुआ सोच रहा था क़ि इतनी कम रोशनी में भी भला कोई इंसान पढ़ कैसे सकता है? ट्रेन आगरा कैंट से रवाना होकर अब दिल्ली की ओर जा रही थी। ट्रेन की गति बढ़ने के साथ ही ट्रेन में बंद खिड़कियों से आती सर्द हवा भी अब थोड़ी तेज हो चली थी। नए लड़के ने अपने शॉल को अपने कानों पर लपेट लिया लेकिन जैकेट वाले पर हवा, सर्दी और माहौल का कोई असर नहीं दिख रहा था। बीच में कभी-कभी वो किताब से नजर हटाकर शून्य में ताकता और फिर अपनी किताब में खो जाता। ट्रेन को चले आधा घंटा हो चला था। नए लड़के ने जैकेट वाले से बात शुरू करने के लिए तीन बार अलग-अलग समयों पर हेल्लो बोला था लेकिन जैकेट वाले के कानों पर जूं तक न रेंगी, जैकेट वाले को तो शायद दुनिया की किसी भी चीज़ से कोई मतलब ही नहीं था।
लेकिन जैकेट वाले के रहस्यमयी व्यक्तित्व में ऐसा कोई जादू था कि नये लड़के ने उससे बात करने की आखिरी और पुरजोर कोशिश की।
"किससे मुक्त होना चाहते हो मित्र?" किताब के शीर्षक को देखते हुए नए लड़के ने जैकेट वाले से पूछा।
"किससे मुक्त होना चाहते हो मित्र?" किताब के शीर्षक को देखते हुए नए लड़के ने जैकेट वाले से पूछा।
जैकेट वाले के चेहरे की भाव-भंगिमा में थोड़ा सा बदलाव आया लेकिन बिना किताब से नजर उठाये उसने केवल तीन शब्द कहे, "इस लोक से।"
"इस लोक से मुक्त होना चाहते हो तो गीता पढ़ो मित्र।" नया लड़का अपना ज्ञान बघारता हुआ बोला।
"गीता पढ़कर केवल जिन्दा मनुष्यों को मुक्ति मिलती है।" जैकेट वाले ने बिना किताब से नजर हटाये फिर उत्तर दिया।
"तभी तो कह रहा हूँ कि आपको भी गीता पढ़कर मुक्ति का रास्ता पता चल जायेगा।" नया लड़का बोला।
"तुम कैसे कह सकते हो कि गीता पढ़कर मुझे मुक्ति मिल जायेगी?" जैकेट वाले ने पूछा।
"क्योंकि हरेक को मिलती है। ऐसा ही कहते हैं।" नया लड़का बोला।
"तुमने शायद मेरे शब्दों पर गौर नहीं किया, गीता केवल जीवित लोगों की मुक्ति का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।" जैकेट वाला किताब पढ़ते हुए बोला।
जैकेट वाले की निगाह किताब से हट ही नहीं रही थी और उसका हाथ बार-बार उसकी आँखों पर पहुँच जाता था और उसके शब्द उसके गले से रुक-रुक कर आ रहे थे।
जैकेट वाले की निगाह किताब से हट ही नहीं रही थी और उसका हाथ बार-बार उसकी आँखों पर पहुँच जाता था और उसके शब्द उसके गले से रुक-रुक कर आ रहे थे।
उसका जवाब सुनकर नये लड़के ने थोड़ा घबराकर कहा, "आप भी तो जिन्दा हो।"
जबाब में उसे केवल एक वाक्य सुनाई दिया, "नहीं, मैं जिन्दा नहीं हूँ। मैं मृतात्मा हूँ।" इस जवाब के साथ जैकेट वाले ने पहली बार नए लड़के की तरफ देखा था। जैकेट वाले की सुर्ख लाल आँखे उस कदरन मंद प्रकाश में भी सुर्ख लालिमा युक्त थीं। माहौल संजीदा हो चुका था, नया लड़का उसके जवाब से या उसकी सुर्ख लाल आँखों से घबरा गया था लेकिन नए लड़के ने हिम्मत से जबाव दिया, "क्यों मजाक कर रहे हो भाई? मैं इन बातों को नहीं मानता।"
"मान जाओगे , आज मान जाओगे। मेरी कहानी सुनना पसंद करोगे?" जैकेट वाले ने उससे पूछा और जवाब में उसकी सहमति से हिलती हुयी गर्दन देखकर फिर कहा, "आज से ठीक छः महीने पहले मुझे इसी ट्रेन में, और इसी सीट पर चाकू घोंपा गया था।"
इतना कहकर जैकेट वाले ने अपनी जैकेट खोली और शर्ट ऊपर की। उसके पेट पर बीच में एक पट्टी मेडिकल टेप की मदद से चिपकी हुयी थी। उसने ऊनी कहानी जारी रखी। "इस ट्रेन में लुटेरे आये थे और अपना डर बनाने को उन्होंने मेरे पेट में खंजर भोंक दिया था। अस्पताल तक जाते-जाते मेरी मौत हो चुकी थी लेकिन आज भी मेरे सपने अधूरे हैं। इसी वजह से मुझे मुक्ति नहीं मिल रही।"
इतना कहकर जैकेट वाले ने अपनी जैकेट खोली और शर्ट ऊपर की। उसके पेट पर बीच में एक पट्टी मेडिकल टेप की मदद से चिपकी हुयी थी। उसने ऊनी कहानी जारी रखी। "इस ट्रेन में लुटेरे आये थे और अपना डर बनाने को उन्होंने मेरे पेट में खंजर भोंक दिया था। अस्पताल तक जाते-जाते मेरी मौत हो चुकी थी लेकिन आज भी मेरे सपने अधूरे हैं। इसी वजह से मुझे मुक्ति नहीं मिल रही।"
नया लड़का अपनी किस्मत को कोसता हुआ बोला, "भाई आपकी बात भले ही सत्य हो लेकिन मैं इन बातों पर विश्वाश नहीं करता।"
"कैसे विश्वाश करोगे? अगर मैं इस ट्रेन की गति धीमी कर दूं तो करोगे?" इतना कहकर जैकेट वाले ने अपनी लाल आँखों से इमरजेंसी चैन को घूरा और ट्रेन की स्पीड धीमी होने लगी, 120 की रफ़्तार से दौड़ती हुयी ट्रेन अब 30 की रफ्तार से दौड़ रही थी।
"कैसे विश्वाश करोगे? अगर मैं इस ट्रेन की गति धीमी कर दूं तो करोगे?" इतना कहकर जैकेट वाले ने अपनी लाल आँखों से इमरजेंसी चैन को घूरा और ट्रेन की स्पीड धीमी होने लगी, 120 की रफ़्तार से दौड़ती हुयी ट्रेन अब 30 की रफ्तार से दौड़ रही थी।
नए लड़के की आँखों में डर साफ़ नज़र आ रहा था। इतनी सर्दी में भी उसके माथे पर पसीने की बूँदें झलक आयीं थीं। जैकेट वाला उसे एकटक देखते हुए फिर बोला, "मैं बिना हाथ हिलाये इस मंद प्रकाशयुक्त ट्रेन को जगमग कर दूँ तो विश्वास करोगे?" इतना कहकर जेकेट वाले ने केबिन में जलते हुए एकमात्र बल्ब की ओर कुछ क्षण एकटक घूरा और केबिन सहित पूरे कूपे में बंद पड़ी बड़ी ट्यूबलाइटें जल उठी। जो की वाकई उस तथाकथित मृतात्मा की शक्तियों का नमूनाभर लग रहा था। नए लड़के के चेहरे पर की खौंफ की अधिकता अब साफ़ नज़र आ रही थी, और जैकेट वाला था कि उसे एकटक घूरे ही जा रहा था। तेज प्रकाश में जैकेट वाले की लाल आँखे और पीला चेहरा माहौल की दहशत में एक अजीब सा रंग घोल रहे थे। अपनी अजीब सी आवाज में जैकेट वाला नए लड़के से फिर संबोधित हुआ, "विश्वास हुआ?"
नए लड़के ने गर्दन हिलाकर अपनी सहमति दर्शायी।
"डर तो नहीं लग रहा?" जैकेट वाले ने पूछा। "अगर डर लग रहा हो तो मन ही मन किसी मददगार को पुकारो। तब तक मैं ट्रेन की रफ़्तार तेज कर दूँ।" इतना कहकर जैकेट वाला इमरजेंसी चैन की तरफ घूरने लगा। नए लड़के ने मन ही मन शायद किसी मददगार को पुकारा था क्योंकि अचानक कहीं से एक टीसी वहाँ आया और नए लड़के की तरफ मुखातिब हुआ ही था कि नए लड़के ने उसे अपनी टिकट दिखाकर इतना कहा क़ि "दिल्ली उतरना है।" और टीसी वहाँ से आगे बढ़ गया। टीसी ने जैकेट वाले की तरफ नजर ही नहीं डाली जैसे कि वो उसको दिखाई ही नहीं दे रहा था। इससे नया लड़का और ज्यादा आंदोलित हो गया था। जैकेट वाले के घूरने से ट्रेन की रफ़्तार भी अब बढ़ गयी थी। ट्रेन अपनी सामान्य रफ़्तार से दौड़ रही थी। नया लड़का घबराया हुआ था वो वहाँ से जाना चाहता था लेकिन किसी अज्ञातभावना वश वहां से उठ नहीं पा रहा था। जैकेट वाले ने बल्बों को घूरकर तेज रोशनी को भी हल्की रोशनी में तब्दील कर दिया था।
"डरो मत, मैं किसी को कोई नुकसान नहीं पहुँचाता। लेकिन क्या मेरा एक काम करोगे?" जैकेट वाले ने अपनी विशेष आवाज में उससे प्रार्थना सी की।
"क्या! कैसा काम?"
"मेरे घर का पता और फोन नम्बर लिखो और या तो वहां जाकर या फोन करकर उनसे कहना कि इस लोक से मेरी मुक्ति के लिए कुछ प्रयास करें।" इतना कहकर जैकेट वाले ने नए लड़के को दिल्ली का एक पता और फ़ोन नम्बर लिखाया।
फिर दोनों का सफ़र शांति से कटा, जैकेट वाला अपनी किताब में व्यस्त रहा और नया लड़का किसी सोच में डूबा रहा था। ट्रेन की गति अब मंद होने लगी थी। मथुरा जंक्शन नज़दीक आ रहा था।
"अगर तुम मृतात्मा हो तो मुझे दिखाई क्यों दे रहे हो?" नये लड़के ने प्रश्न किया।
"क्योंकि जल्द ही तुम भी एक मृतात्मा बनने वाले हो।" जैकेट वाले ने अपनी सुर्ख लाल आँखों से घूरते हुए उसे जवाब दिया। जैकेट वाले के जवाब को सुनकर नया लड़का वहाँ एक पल भी नहीं ठहरा और ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही उस केबिन से क्या उस डिब्बे से ही गायब हो चुका था। जैकेट वाली मृतात्मा के चेहरे पर अब संतुष्टि के भाव थे। दिल्ली अभी दूर थी और किताब भी आधी बाकी थी।
खैर उस नए लड़के की तरह अगर आप भी आत्मा-वात्मा पर विश्वास करने लगे हैं तो मत करो क्योंकि कहानी का अगला हिस्सा आपके विश्वास को हिला देगा क्योंकि ये जेकेट वाला लड़का मैं ही था जो आपको ये कहानी सुना रहा है। क्या कहा? मैं कौन हूँ? तो बस इतना समझ लो कि आपके अपने आस-पास 23-24 साल का जो लड़का दिखाई दे रहा हो बस उस जैसा ही हूँ और जिन्दा हूँ, मृतात्मा नहीं। अब क्या कोई किसी से मजाक भी नहीं कर सकता। हाँ जी ये मज़ाक थी। कैसे? तो आगे सुनो वो ही बता रहा हूँ।
दिल्ली में रहता हूँ बचपन से एक ही शौक था एक्टिंग करना और इसी वजह से ग्वालियर के एक इंस्टिट्यूट में पार्ट टाइम एक्टिंग सीखने जाता था वो भी शनिवार और रविवार को। हफ्ते में केवल दो दिन ही सिखाया जाता था। शनिवार को सुबह पहुँचता था और रविवार की रात लौटता था। पिछले आठ महीनों से एक ही ट्रेन से जाना और एक ही ट्रेन से लौटना, मतलब दोनों ट्रेनों की पूरी जानकारी और उस रूट की सारी डिटेल्स मुझे मुँह जवानी याद थी। जैसे ही उस लड़के ने मुझे हाय और हेल्लो कहा था मुझे एहसास हो गया था कि अगर जवाव दिया तो वो चिपक जायेगा और मैं अपनी किताब को तन्मयता से नहीं पढ़ पाऊंगा, इसलिए मैंने उसे पूरी तरह नजरअंदाज किया। लेकिन पेट पर अभी हाल फिलहाल हुआ एक फोड़ा, मुझे शाम को अचानक हुआ आई फ्लू और मेरी किताब का शीर्षक इस घटना का कारण बने थे। तीन बार अवहेलित करने के बाद भी जब उसने चौथी बार बात की और वो भी किताब के शीर्षक के बारे में तो बस उसको लपेटने की पूरी स्क्रिप्ट मेरे दिमाग में आ चुकी थी। अपने पेट के फोड़े पर लगी पट्टी और टेप के कारण मैंने अपनी मौत की कहानी रच दी थी और बादबाकी पूरा खेल टाइमिंग का था जैसे ही उसने मुझसे पूछा था कि "किससे मुक्त होना चाहते हो" उसके कुछ देर बाद ही कमजोर पुल आने वाला था जिस पर ट्रेन बहुत धीमी चलती थी। मैंने उसका फायदा उठाया और चैन को खामखा घूरकर उस लड़के की नजरों में मैंने ट्रेन की रफ़्तार धीमी कर दी थी और उसके बाद आगरा से सवार सवारियों को चेक करने को एक टीसी आता था जो की उसका स्थापित रूटीन था और आने से कुछ देर पहले सारी लाइट जलवा कर आता था। इससे मैंने अपनी निगाहों से ही ट्रेन में रोशनी बढ़ा दी थी। इसके बाद ट्रेन की गति बढ़ती थी और टीसी आ जाता था। पुल पार होने पर ट्रेन की रफ़्तार खुद ही बढ़ जाती थी लेकिन उस नए लड़के की नजरों में रफ़्तार भी मैंने अपनी आँखों से तेज की थी और टीसी तो आता ही इसलिये मैंने उसको मन ही मन मदद बुलाने को बोला था। टीसी से मेरी पिछले आठ महीनों की मुलाकात थी और ट्रेन में सवार होने से पहले मेरी उससे हर बार बात होती थी इसलिए ट्रेन में अपना काम जल्दी निबटाने के चक्कर में वो मुझे अवहेलित कर देता था। टीसी के चेक करते के बाद लाइट खुदबखुद कम हो जाती थीं और वो समय भी मुझको याद था क़ि लाइट कब कम होती हैं। बस सारा खेल एक्यूरेट टाइमिंग और मेरी एक्टिंग का था जिस पर मैं खरा उतरा था। दिल्ली तक में अपनी किताब बिना किसी व्यवधान के पढ़ते हुए गया था। आप सोच रहे होंगे कि मैंने ऐसा क्यों किया? जबाव बहुत सरल है। आंखें eyeflu से बेहाल थीं , किताब बहुत रोचक थी और अगर मैंने किसी किताब को पढ़ना शुरू कर दिया तो मैं उसे ख़त्म करके ही उठता था इसलिए मैं कोई व्यवधान नहीं चाहता था। अगर वो लड़का इस कहानी को कभी पढ़ पाया तो उससे माफ़ी की याचना के साथ।
समाप्त।
समाप्त।
© सुनीत शर्मा
No comments:
Post a Comment