Tuesday, 18 October 2016

#किंकर्तव्यविमूढ़।

अगर आपसे कोई उपरोक्त शब्द का अर्थ पूछ ले तो? उस पर तुर्रा ये कि सोशल मीडिया पर आप हिंदी के समर्थक जाने जाते हैं और आप अपनी सारी गज भर लंबी पोस्ट हिंदी में ही लिखते हो। अब क्या जनाब? कैसे ज़बाब दोगे कि ऊपर लिखे का अर्थ क्या है? है न अजीब स्थिति?

पिछले दिनों कोचिंग में पढ़ाते समय एक बालक ने अचानक मुझ पर यही प्रश्न दाग दिया क़ि सर एक शब्द का अर्थ बताओ क़ि 'किंकर्तव्यविमूढ़' का अर्थ क्या होता है?

अब इस शब्द का अर्थ कैसे बता पाएं वो भी हिंदी में? हम सोचने लगे। देर तो लगी लेकिन अचानक कहीं किसी पढ़ी हुयी किताब से मदद मिली और हमने उसे बताया कि इसका मतलब तुम ethical  dilemma समझ लो। बालक बोला कि सर ये दोनों शब्द बोलने में कदरन आसान हैं लेकिन मुझको मतलब इनका भी न पता। न तो मैं एथिकल का मतलब जानता और न dilemma का।

अब तो मामला खिंच गया। खिंच क्या गया बात बस बात पर आ गयी। लेकिन हम मास्साब हैं तो उत्तर देना तो बनता था। तो भैये, कुछ देर सोचने के बाद मैंने उससे कहा कि इस शब्द का सही अर्थ तो मुझे नहीं पता लेकिन इस शब्द का भाव समझना हो तो बोल? अब अर्थ हो या भाव, नयी पीढ़ी तो नयी पीढ़ी है अर्थ में भाव और भाव में अर्थ ढूंढ ही लेती है। बालक बोला मास्साब भाव ही बताओ।

तब मैंने उसे बताया, "मान लो कि कल विद्यालय का इंस्पेक्शन है और सीबीएसई से तीन अधिकारी आ रहे हैं तो जैसा की अपेक्षित है कुछ मुझ जैसे सीनियर लोगों को रात देर तक रुकना पढेगा। अब मैं तमाम काम ख़त्म कर के रात 9:30 पर अपनी बाइक विद्यालय से निकालता हूँ तो पाता हूँ कि विद्यालय के सामने मेरे तीन सहकर्मी भी किसी वाहन के इंतज़ार में घर जाने को खड़े हैं क्योंकि उनकी बस जा चुकी है। पहले हैं गणित वाले गौतम जी जो कि मित्र से बढ़कर बड़े भाई हैं और वो कई बार मुझको अपने साथ अपनी बाइक पर स्कूल से घर ले जा चुके हैं। आज उनकी बाइक अंतसमय पर पंचर हो गयी है। दूसरी हैं परमआदरणीय sst वाली मैडमजी। जो मुझको बेटा बोलती हैं। और तीसरी हैं अभी हाल-फिलहाल नयी आयी हुयी अंग्रेजी वाली गिटर-पिटर मैडम। जिनसे बात करना हरेक की परम ख्वाहिश है लेकिन कैसे? इस पर अभी रिसर्च चल रही है।

"अब दोस्ती, संस्कार और दिल तीनों में कश्मकश चल रही है, दोस्ती की मानूँ तो संस्कार आढ़े आ रहे है। संस्कार की मानूँ तो दिल आढ़े आ रहा है और यदि दिल की मानूँ तो दोस्ती आढ़े आ रही है। और यदि तीनों की मानूँ तो बाइक की गद्दी आढ़े आ रही है।"

कुछ देर उस बालक को सोचने का मौका देकर मैंने उस बालक से कहा कि अब मेरे दिमाग की जो स्थिति होगी वो तुम्हारे शब्द किंकर्तव्यविमूढ का समर्थन कर रही होगी। मेरा मतलब है कि जब दिमाग, "क्या करूँ और क्या न करूँ" के जवाब को न पा सके तो दिमाग की ऐसी स्थिति को परिभाषित करने को ही ये शब्द काम आता है।

खैर बालक की समझ में शब्द का अर्थ तो आ गया था लेकिन इस Ethical dilemma से पार कैसे पाया जाये वो उसके दिमाग में नहीं आया था। तो उसने दुबारा पूछा।

सर शब्द तो समझ आ गया लेकिन जो समस्या आपने बतायी उसका समाधान तो बताओ।

अब समस्या तो काल्पनिक थी तो समाधान क्या होता लेकिन फिर भी मैंने अपने हिसाब से समस्या का जबाब देना उचित समझा था।

मैने उसे जबाब में बताया कि समस्या भले ही बड़ी हो लेकिन अगर कुछ पल सोचो तो समाधान मिल ही जाएगा। तो इस समस्या का समाधान जो मेरे दिमाग में है वो ये है कि मैं अपनी बाइक गौतमजी को देता और कहता कि भैया आप sst वाली मैडम को उनके घर पहुंचा कर अपने घर निकल जाना। इस पर भैया पूछते, और आप कैसे जाओगे? तो मेरा जवाब होता कि यहाँ अंग्रेजी वाली मैडम को भी तो अकेला नहीं छोड़ा जा सकता तो मैं यहीं खड़ा हूँ और कोई टिर्री के आते ही इनको घर पहुंचा कर खुद भी घर निकल जाऊँगा।

यहाँ रिसर्च का प्रैक्टिकल ज्ञान भी मिल जाता और प्रैक्टिकल के नतीजे सही होते तो बादबाकी हर वैज्ञानिक अपनी रिसर्च का पेटेंट करवा ही लेता है।

बालक प्रसन्न हो गया था। आप हुए या नहीं कमेंट में बताना। अभी के लिए शुभरात्रि।


No comments:

Post a Comment