Monday, 31 October 2016

#डार्कटेल्स
#Translation4u.
”THE IDOL HOUSE OF ASTARTE”
मूलकथा :- अगाथा क्रिस्टी।
प्रकाशन वर्ष:- 1932.
अनुवाद:- सुनीत शर्मा।



#TheIdolHouseOfAstarte.
भूमिका :- द ट्यूसडे नाईट क्लब।



‘अनसुलझे रहस्य।'
रेमंड वेस्ट ने अपने शब्दों को पुनः एक खास अंदाज में दोहराया। ‘अनसुलझे रहस्य’ और वहाँ मौजूद लोगों पर अपने शब्दों का प्रभाव जाँचने को उसने चारों तरफ एक खोजपूर्ण दृष्टि डाली। कमरा पुराना था, जिसकी छत एक चौढ़े व काले बीम से पटी हुयी थी। यह कमरा पुराने फर्नीचर से सुस्सज्जित था जो कि वर्षों से इस कमरे का ही हिस्सा था। पेशे से वो एक लेखक था और अपने लेखन के लिए उसे जिस प्रकार के माहौल की जरूरत होती थी उस पर उसकी आंटी मिस जेन मार्पल का यह कमरा बिल्कुल खरा उतरता था। वेस्ट ने फायर प्लेस की तरफ देखा जहाँ उसकी आंटी एक बड़ी आरामदायक कुर्सी पर सीधी बैठी हुयी थीं।
‘मेरे कहने का मतलब कुछ और है। मैं यहाँ दर्शनशाश्त्र की बात नहीं कर रहा बल्कि कुछ स्पष्ट और अकल्पनाशील घटनाओं के बारे में सोच रहा हूँ, वो घटनाएं जो घटित तो हुईं लेकिन उनके बारे मैं कोई आज तक कुछ बता नहीं पाया।’ वेस्ट ने कहा।
‘मैं ऐसी एक घटना के बारे में जानतीं हूँ।’, मिस मार्पल बोलीं। "उदाहरण बतौर, कल सुबह हमारी पड़ोसन मिसेज कार्थार्स के साथ भी एक अजीब घटना घटित हुयी। उसने एलिअथ की दुकान से दो किलो झींगे का आचार ख़रीदा। वह उसके बाद दो दुकानों पर और गयी लेकिन जब वो घर लौटी तो अचार उसके पास नहीं था। वो तुरंत वापस उन दुकानों पर पहुंची लेकिन अचार पूरी तरह से गायब हो चुका था। मुझे तो ये घटना बिलकुल वैसी ही लग रही है जैसा कि तुम जिक्र कर रहे हो।"
‘मेरी आंटी, मेरे कहने का मतलब इस गाँव की इस छोटी घटना से नहीं था।’ रेमंड वेस्ट ने मजकिया लहजे में कहा। ‘मैं तो कुछ हत्याओं और कुछ गुमशुदा लोगों के बारे में कह रहा था जो एकाएक नजरों से ओझल हो गए हों--- अगर सर हेनरी चाहें तो वो उनके बारे में हमको इस समय शायद ज्यादा प्रभावशाली तरीके से बता पाएं।’
‘लेकिन मैं दुकान पर घटित होने वाली घटनाओं की बात नहीं करूँगा।’ सर हेनरी ने संकोच के साथ कहा। ‘बिल्कुल भी नहीं करूँगा।' सर हेनरी अभी हाल फिलहाल में ही स्कॉटलैंड यार्ड से कमिश्नर के पद से रिटायर हुए थे।
‘मैं मानती हूँ कि बहुत से क़त्ल और हादसे ऐसे हैं कि जो आज तक पुलिस के द्वारा हल नहीं हो पाए हैं।’ जोयस लुम्पिअर ने कहा।
‘में आज तक सोच रहा हूँ कि असल में किस तरीके का दिमाग स्याह रहस्यों को उधेड़ने में सफल होता है?’ रेमंड वेस्ट ने कहा। ‘हर व्यक्ति यही सोचता है कि एक औसत पुलिसवाले के पास ऐसे मसलों को हल करने के लिए आवश्यक कल्पना की बेहद कमी होती है लेकिन बतौर लेखक मेरे लिखने की कला ने मुझे मानव व्यव्हार के बारे में एक अंतर्द्रष्टि प्रदान की है।’
‘मैं जानती हूँ, रेमंड, कि तुम्हारी किताबें वाकई में लाजबाब हैं लेकिन क्या तुम लोगों को वास्तव में इतना मूर्ख समझते हो जितना कि तुम उनको अपनी किताबों में दर्शाते हो।’ मिस मार्पल बोलीं।
“विश्वास रखो आंटी, अगर मैं ऐसा समझता भी हूँ तो मेरा इश्वर मुझे ऐसा समझने से रोकेगा।’ रेमंड विनम्रता से बोला।
‘मेरा मतलब है कि’, मिस मार्पल ने अपनी बुनाई के फंदे गिनते हुए अपनी भोंहें सिकोड़ते हुए कहा, ‘मुझे अधिकतर लोग न तो अच्छे लगते और न ही बुरे बस वो मुझे थोड़े नादान लागते हैं।’
मि पैथरिक ने हल्के से खंखार कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा और बोले, ‘क्या तुमको नहीं लगता रेमंड कि तुम कल्पना पर कुछ ज्यादा ही जोर दे रहे हो। कल्पना बहुत खतरनाक चीज होती है और एक वकील होने के नाते कोई इस बात को मुझसे बेहतर नहीं जान सकता। साक्ष्यों की निष्पक्ष रूप से छानबीन करना, उनमें से तथ्यों को खंगालना और उन तथ्यों के आधार पर सत्य की तह तक पहुंचना ही मेरे ख्याल से किसी भी गैरमामूली घटना का पर्दाफाश करने का एकमात्र तर्कसंगत तरीका है।’
‘अच्छा!’ जोयेस लुम्पियर अपने काले बालों को पीछे झटकते हुए चीखी। 'मैं शर्त लगाकर कह सकती हूँ कि इस खेल में मैं तुम सबको हरा सकती हूँ। मैं केवल एक महिला ही नहीं हूँ और न ही तुम सबकी भांति कहती रहती कि महिलाएं उस अंतर्ज्ञान से वंचित रहतीं हैं जों अक्सर पुरुषों के पास पाया जाता है। मैं एक कलाकार हूँ और बतौर कलाकार मैं लोगों के बारे में काफी कुछ जान चुकीं हूँ। मैं जिन्दगी को इस प्रकार जानती हूं कि संभवतया यहाँ मौजूद मिस मार्पल भी नहीं जानती होंगी।’
‘मैं जिंदगी के बारे में इतना नहीं जानती, लेकिन यहाँ गाँवों में भी कभी-कभी कुछ ह्रदयविदारक, रहस्यमयी और घ्रणित घटनाएं घट जाती हैं और उनसे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिल जाता है।’ मिस मार्पल ने उत्तर दिया।
‘क्या मैं भी कुछ बोल सकता हूँ?’, डॉ पेंडर ने पहली दफा कुछ बोला। ‘आजकल ईशनिंदा एक फैशन बन चुका है फिर भी बतौर पादरी हम कुछ चीजों के बारे में सुनते हैं। हम मानव चरित्र के उस हिस्से के बारे में भी जानते हैं जो कि बाहरी दुनिया के लिए एक सीलबंद किताब है।’
‘अच्छा!’ जोयेस बोली, ‘मुझे ऐसा लग रहा है कि यहाँ काफी सम्मानीय लोग बैठे हैं। कैसा रहेगा अगर हम एक क्लब की स्थापना करें? आज क्या दिन है? मंगलवार न? हम इस क्लब को THE TUESDAY NIGHT CLUB  बोलेंगे। हर सप्ताह एक बैठक हुआ करेगी जिसमें हर सदस्य एक समस्या प्रस्तुत करेगा। कोई ऐसी रहस्यमयी घटना जिसकी कि उसको व्यक्तिगत जानकारी हो और उसका उत्तर भी उसको पता होना चाहिए। हम सब यहाँ कितने लोग हैं? एक, दो, तीन, चार, पांच और मुझे मिलकर कुल छ्ह।’
‘तुम शायद मुझको भूल गयी हो जोयेस।’ मिस मार्पल ने एक चमकदार मुस्कान के साथ कहा।
‘ऐसे ही सही है मिस मार्पल।’ जोयेस बोली। मुझे नहीं लगता कि तुम इसमें शामिल होना चाहोगी।
‘मुझे लगता है यह काफी रोचक रहेगा।’ मिस मार्पल बोलीं। वैसे यहाँ मौजूद इतने चतुर, ज्ञानी और गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में मुझे इस क्लब में शामिल होने में डर लग रहा है लेकिन इतने सालों तक इस छोटे से गाँव में मेरे रहने के अनुभव ने मुझको मानव व्यवहार के बारे में काफी कुछ सिखाया है और एक तरीके की अंतर्द्रष्टि बख्शी है।’
‘आपका साथ हमारे लिए बहुपयोगी होगा।’ सर हेनरी ने विनम्रता से कहा।
‘बहुत खूब! लेकिन शुरुआत कौन करेगा? जोयेस ने कहा। ‘डॉ पेंडर, अब आज आप क्या सुनाने जा रहे हो?’
सबकी निगाह डॉ पेंडर की तरफ घूम गयी और जवाब में डॉ पेंडर मुस्कराये।


“THE IDOL HOUSE OF ASTARTE”

‘वैसे तो मेरी जिन्दगी बेहद शांत जगहों पर बीती है।’ डॉ पेंडर ने कहना शुरू किया। ‘इसलिए मेरा सामना इस प्रकार की घटनाओं से बेहद कम ही हुआ है लेकिन एक बार जब मैं युवा था तब एक बेहद अदभुत और दुखद अनुभव मुझको प्राप्त हुआ था। उस घटना के बाद मैंने कभी उन लोगों को हेय की दृष्टि से नहीं देखा जो माहौल की, बुरी शक्तियों की बात करते थे। माहौल और बुरी शक्तियां जैसी चीज वास्तव में होती है और निसंदेह कुछ जगहें ऐसी हैं जहाँ या तो बुरी शक्तियों या अच्छी शक्तियों का प्रभाव पूरी तरह से समाविष्ट होता हैं और ये शक्तियां अपना एहसास समय दर समय कराती रहतीं हैं।
जोयेस ने उठकर कमरे के दोनों बल्बों को बंद कर दिया। अब कमरे में केवल अंगीठी से उठने वाली लपटों का ही प्रकाश मौजूद था।
‘माहौल’, जोयेस ने कहा, अब हम आगे की कहानी वैसे ही माहौल में सुनेंगे।
डॉ पेंडर उसकी इस हरकत पर मुस्काये और उन्होंने अपनी नाक पर टिके हुए चश्मे को उतारा व अपनी कुर्सी में और अन्दर समाकर अपनी प्रभावशाली आवाज में कहानी सुनाना जारी रखा।
‘मुझे नहीं पता कि आप लोगों ने कभी डार्टमूर का नाम सुना भी है या नहीं। जिस जगह के बारे में अब मैं तुमको बताने जा रहा हूँ वो जगह डार्ट मूर की सीमाओं के नजदीक है। इसको हेडन—सर रिचर्ड हेडन नाम के व्यक्ति ने ख़रीदा था। मैं उसको अपने कॉलेज के दिनों से ही जानता था। काम के सिलसिले में हम दोनों कुछ सालो तक नहीं मिल पाए लेकिन हमारी दोस्ती बदस्तूर बाकी थी और इसी वजह से मैंने उसका साइलेंट ग्रूव जाने का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार कर लिया था। साइलेंट ग्रूव उसकी खरीदी हुयी जगह का नाम था। गृहप्रवेश का उत्सव कोई ज्यादा बड़ा नहीं था और इसी वजह से उस उत्सव में कुछ चुनिन्दा लोग ही शामिल थे। जिनमें खुद रिचर्ड हेडन, उसका भाई इलियट हेडन, लेडी मेनरिंग व उसकी नाबालिग बेटी वायलेट थे। वहाँ शामिल लोगों में कैप्टेन रोजर्स और उसकी पत्नी, लम्बे सफ़र और ख़राब मौसम ने उनको बेहाल कर दिया था, भी मौजूद थे। वहाँ एक युवा डॉ सायमंड्स और मिस डायना एश्ले भी मौजूद थीं।  डायना एश्ले के बारे में मुझको थोड़ी बहुत खबर थी। उसका फोटो अक्सर सोसाइटी के अख़बारों में छपता था और वो उस समय की एक बदनाम हसीना थी। उसकी वहां मौजूदगी बेहद चौंकाने वाली थी। वो थोड़ी सांवली और लम्बी थी लेकिन उसकी त्वचा बेहद खूबसूरत थी। उसकी गहरी-नशीली आँखें छोटी लेकिन तिरछी थीं जोकि सामने वाले को पल भर में अपना दीवाना बना लेतीं थीं। उसकी आवाज में भी एक अजीब सी खनखनाहट थी और जब वो बोलती तो घंटियाँ सी बजती सुनाई देती थीं।
मेरा मित्र रिचर्ड हेडन उसके मोहपाश में पूरी तरह जकड़ा जा चुका था और मैंने अनुमान लगाया कि ये पूरी पार्टी केवल डायना एश्ले के लिए ही आयोजित की गयी थी। रही बात डायना एश्ले की भावनाओं की तो मैं उसके बारे में पूरी तरह सुनिश्चित नहीं था। वो कुछ मनमौजी स्वाभाव की थी। किसी दिन वो सबको नजरअंदाज करके केवल रिचर्ड से ही बात करती रहती और अगले ही दिन वो उसके भाई एलियट के साथ कुछ इस प्रकार व्यस्त हो जाती कि जैसे रिचर्ड का कहीं कोई अस्तित्व ही नहीं हो और तदुपरांत वो अपनी जादूई मुस्कान डॉ सायमंड्स पर बिखेरती हुयी उन पर बलिहार जाती थी।’
‘मेरे आगमन वाली सुबह हमारे मेजबान ने हम सबको पूरी जगह का अवलोकन कराया। घर कोई ज्यादा ख़ास नहीं था लेकिन ग्रेनाइट पत्थरों से बना हुआ बेहद मजबूत था। घर की मजबूती दर्शा रही थी कि उसने समय और मौसम की मार का बखूबी प्रतिरोध किया है। घर ज्यादा मज़ेदार तो नहीं लेकिन आरामदायक था। इसकी खिडकियों से कोई भी मूर, चारों तरफ फैली हुयी पहाड़ियाँ जिनपर ऋतुक्षरित जंगल मौजूद थे, के शानदार परिद्रश्यों का अवलोकन कर सकता था।’
‘हमारे नजदीक मौजूद स्थित पहाडियों की ढलान पर गुजरे हुए पाषाणकाल के अवशेष, बड़े-बड़े पत्थरों के घेरे थे। एक दूसरी पहाड़ी पर की गयी खुदाई के दौरान एक तांबे के बर्तनों से भरा हुआ हथठेला भी मिला था।
‘रिचर्ड अब पुरातत्ववेत्ताओं की भांति ऐसे मामलों में रूचि लेने लग गया था। उसने हम सबको एक अजीब से उत्साह और प्रसन्नता से बताया कि ये जगह प्राचीनकाल के अवशेषों से लबरेज़ है। यहाँ नवपाषाण युग के लोगों, पुरोहितों, रोमन्स और यहाँ तक की फिनिशियन सभ्यता के सुराग भी मौजूद हैं। और इसी वजह से ये जगह बहुत ज्यादा मज़ेदार है। इस जगह का नाम ‘सायलेंट ग्रोव’ है और इसको ये नाम कैसे मिला इतना तो तुम ये जगह देख कर ही समझ गये होंगे। देश के इस हिस्से में प्रचुर मात्रा में चट्टानें, खनिज और वनस्पतियाँ उपलब्ध हैं लेकिन इन सबके अतिरिक्त इस घर से करीब १०० गज दूर एक बहुत ही ज्यादा घना एतिहासिक जंगल भी है।’
“वो बहुत प्राचीन समय के अवशेष हैं। रिचर्ड बोला। “पेड़ कई बार सूखने के बाद फिर से उगे हैं लेकिन आज भी उसी प्रकार व्यवस्थित हैं जैसे कि फिनिशियन लोगों ने उनको लगाया था। आओ तुम सबको दिखाकर लाता हूँ।”
‘हम सब उसके पीछे चल दिए। जैसे ही हमने जंगल में प्रवेश किया मुझ पर एक अजीब तरह का विषाद और उत्सुकता हावी हुयी, शायद ये वहां व्याप्त सन्नाटे की वजह से मुझ पर हावी हुयी थी। पेड़ों पर पक्षियों के घोंसले तक मौजूद नहीं थे। वहाँ एक तरीके की वीरानी और डर छाया हुआ था। मैंने रिचर्ड को अपनी तरफ एक अजीब सी मुस्कुराहट से देखते हुए पाया।'
“कैसा महसूस कर रहे हो, पेंडर?” उसने मुझसे पुछा। “गुस्सा या बेचैनी?”
“मुझे ये जगह पसंद नहीं आई।” मैंने शांति से जवाब दिया।

“ये केवल तुम्हारे अंतर्मन के विचार हैं, पेंडर। तुम्हारा अंतर्मन इस समय तुम्हारे विश्वास के ऊपर हावी है। ये ‘एस्टार्ट का जंगल’ है।”

“एस्टार्ट?”

“एस्टार्ट, या इश्थर, या एस्टोरेथ या जो तुम कहना पसंद करो लेकिन मैं फिनिशियन लोगों के द्वारा दिए गए नाम 'एस्टार्ट' को ही प्राथमिकता देता हूँ। लोगों का विश्वास ही कि इस देश में एस्टार्ट का एक मात्र विदित जंगल उत्तर दिशा में मौजूद है लेकिन मेरे पास इस बात का कोई साक्ष्य उपलब्ध न होने की वजह से मैं इसी जंगल को एस्टार्ट का प्रमाणिक जंगल मानता हूँ। यहाँ इन घने वृक्षों के घेरे में पवित्र अनुष्ठान होते थे।”

“पवित्र अनुष्ठान?” डायना एश्ले ने धीमे से कहा। उसकी आँखें नींद से बोझिल थीं।“वो क्या होते हैं, मुझको बताओ जरा।”

“ज्यादा कुछ ख़ास सम्मानजनक नहीं।’ कैप्टेन रोजर्स ने बेवजह बहुत तेज हँसते हुए कहा। “मेरे ख्याल से नंगा नाच होता होगा।”
‘रिचर्ड ने उस पर कोई ध्यान नहीं दिया।’

“इस जंगल के बीचोबीच एक प्रतिमाघर है।” उसने कहा। “मैं मंदिरों  को कोई खास तवज्जो नहीं देता परन्तु इस मंदिर के यहाँ होने से भी मुझ पर कोई फर्क नहीं पड़ता इसलिए मैं इस जगह से कुलमिलाकर संतुष्ट हूँ।”

‘उसी क्षण हम सब जंगल के बीच स्थित उस खाली जगह की और बढे और पाया कि वहां बीच में बड़े-बड़े पत्थरों से बनी एक आरामगाह स्थित थी। डायना ने रिचर्ड की ओर प्रश्नसूचक निगाहों से देखा।’

“में इसे प्रतिमाघर कहता हूँ।” उसने कहा। “ये एस्टार्ट का प्रतिमाघर है।”

‘हम सबने इसकी ओर कदम बढ़ाये और अन्दर जाकर देखा कि एक खुरदरे आबनूस के खंभे पर मौजूद शेर के ऊपर विराजमान एक महिला की मूर्ति थी, जिसके सर पर अर्धचन्द्राकार सींग शोभायमान थे।’

“फिनिशियन लोगों की एस्टार्ट।” रिचर्ड ने बताया, “चंद्रमा की देवी।”

डायना चिल्लाई, “वाह! चन्द्रमा की देवी! तो आज रात हम एक मदहोश फैंसी ड्रेस पार्टी करेंगे और यहाँ आकर एस्टार्ट के पवित्र अनुष्ठानों की नक़ल करेंगे।”

‘तभी अचानक रिचर्ड का भाई इलियट तेजी से मेरे पास आया और बोला, “पादरी, ये सब तुमको पसंद नहीं आ रहा न?”

“नहीं, बिल्कुल नहीं।”, मैंने गंभीर स्वर में कहा।'
‘उसने मेरी ओर दयाद्रष्टि डालकर कहा, “ये तो नितांत बेवकूफी है, रिचर्ड कैसे जान सकता है कि यही जंगल वास्तव में वही पवित्र जंगल है। ये केवल उसकी एक कल्पना है और वो इस पर खामखा इठा जा रहा है। तुम बताओ, तुम क्या कहते हो साइमंड्स?”

'एक या दो मिनट चुप रहने के बाद डॉ साइमंड्स जल्दी से बोला, “मुझे ये जगह पसंद नहीं, मैं बता नहीं सकता कि क्यों? पर फिर भी कुछ वजहों से ये जगह मुझे पसंद नहीं।”

उसी पल वायलेट मेनर्रिंग भी मेरे पास आई और चिल्लाकर बोली, “मुझे भी इस जगह से नफरत हो रही है, जल्दी से यहाँ से बाहर निकलो।”

‘हम वहां से तुरंत बाहर निकले और दूसरे लोगों ने भी तुरंत हमारा अनुसरण किया। केवल डायना एश्ले वहाँ कुछ देर ठहरी। मैंने मुड़कर उसे देखा तो पाया कि वो प्रतिमाघर के बाहर खड़ी ‘एस्टार्ट की उस प्राचीन मूर्ति’ को निहार रही थी।’

‘आज का दिन असामान्य रूप से गर्म होने के बावजूद खुशगवार था। डायना एश्ले की सलाह पर शाम को सर्वसम्मति से फैंसी ड्रेस पार्टी का आयोजन किया गया। पार्टी में हंसी-ठिठोली, चीखपुकार, और मौजमस्ती बदस्तूर जारी थी और जैसे ही डिनर की शुरुआत हुयी, वहां मौजूद सदस्यों की चुहलबाजियाँ और हो-हल्ला तेज हो चुका था। कैप्टेन रोजर्स और उसकी पत्नी पाषाण कालीन पोशाकों में आये थे। रिचर्ड हेडन खुद एक फिनिशियन नाविक बन कर आया था और उसका भाई इलियट हेडन समुद्री जहाज की सेना के सेनापति की पोशाक में था। डॉ साइमंड्स एक बाबर्ची, लेडी मेनरिंग एक नर्स व उसकी बेटी वायलेट एक गुलाम के वेश में आयी थी। मैं अपने पसंदीदा वेश, मतलब एक पादरी के वेश में पहुंचा था और डायना एश्ले सबसे बाद में वहां आई थी। उसके वेश ने हम सबको बहुत निराश किया था क्योंकि वो काले रंग का डोमिनो (१८ वीं शताब्दी में इंग्लेंड की कामगार महिलाओं द्वारा पहना जाने वाला एक विशेष प्रकार का चोगा) पहन कर आई थी।'

“अज्ञात”, उसने घोषणा सी की। “आज की रात मैं अज्ञात हूँ। अब भगवान के लिए चलो खाना खा लो।”

‘खाना खाकर हम सब बाहर की तरफ चल दिए। गर्मी होने के बावजूद रात बहुत प्यारी थी। चाँद निकल रहा था और चांदनी अपने पूरे शबाब पर थी।’

'हम वहां घूमते रहे और बातें करते रहे और यूं ही समय गुजर गया। करीब 1 घंटे बाद हम को महसूस हुआ कि डायना हमारे साथ नहीं थी।'

"वो सोने तो नहीं गई होगी।" रिचर्ड हेडन बोला।

'लेडी मेनरिंग ने अपना सर इनकार में हिलाया।
बिल्कुल नहीं..'  उसने बताया "मैंने करीब आधा घंटा पहले उसे उस दिशा की ओर जाते हुए देखा था।" बोलते समय उसने अपना इशारा जंगल की तरफ किया था जो इस सुहानी चाँदनी रात में भी काला और भयावह दिखाई दे रहा था।'

"कमाल है! वह वहां क्या कर रही होगी?" रिचर्ड हेडन बोला। "मैं कसम खाकर कह सकता हूँ कि ये उसकी कोई शरारत है। आओ चलकर देखते हैं।"

'हम सब एक साथ एक टुकड़ी की तरह उस ओर डायना को खोजने चल दिए। उस समय हम सबके दिमाग में केवल एक ही चीज चल रही थी कि डायना को आखिर हुआ क्या? वो जंगल में अंदर क्यों गयी? लेकिन न जाने क्यों मेरे मन में उस घने और डरावने जंगल में जाने के लिए एक अजीब सी हिचकिचाहट पैदा हो रही थी। मुझसे भी शक्तिशाली कोई शक्ति थी जो बरबस मुझे पीछे की ओर खींच रही थी और मुझे उस जंगल में जाने से रोक रही थी। मुझे अब उस जंगल की काली और बुरी शक्तियों का पुरजोर एहसास हो रहा था।'

'चलते-चलते हम जंगल के बीच के खुले स्थान पर आए और वहीँ आश्चर्यचकित होकर खड़े रह गए,  क्योंकि प्रतिमाघर की दहलीज पर  रेशमी परिधान में पूरी तरह लिपटी हुयी एक आकृति खड़ी हुई थी। उसके घने काले बालों के ऊपर अर्धचंद्राकार आकार में दो सींग उठे हुए थे।'

"हे भगवान!"  रिचर्ड बोला। और उसकी पेशानी पर पसीना चूने लगा।'

लेकिन लेडी मेनरिंग ने उसे तुरंत पहचान लिया और उसने घोषणा की "यह तो डायना है। उसने अपने आप को क्या बना लिया है? ये तो बिल्कुल ही अलग दिखाई दे रही है।"

'दरवाजे पर खड़ी आकृति ने अपने हाथ ऊपर किए, एक कदम आगे बढ़ाया और ऊंची लेकिन मीठी आवाज में बोली। "मैं एस्टार्ट की पुजारिन हूं। मुझसे दूर रहो, मेरे नजदीक आने की जुर्रत भी मत करना क्योंकि मेरे हाथों में मौत का श्राप है।"

"ऐसा मत करो डायना। तुमने हमको पहले ही बहुत डरा दिया है।" लेडी मेनरिंग ने उसका विरोध करते हुए कहा।'

'रिचर्ड उसकी ओर लपका। "हे भगवान! वो चिल्लाया। "डायना तुम सच में कमाल लग रही हो लेकिन प्लीज इसे रोक लो। यह मुझे पसंद नहीं।"

'जैसे ही रिचर्ड ने घास पर चलते हुए उसकी ओर कदम बढ़ाया डायना ने अपने हाथ उसकी तरफ किए और चिल्लाई "रुक जाओ। अगर तुमने एक  कदम भी मेरी ओर बढ़ाया तो मैं एस्टार्ट के जादू से तुम पर प्रहार करूंगी और मेरा ये प्रहार तुम्हारी कल्पनाओं से भी परे होगा।"

'रिचर्ड हेडन मुस्कुराया और डायना की तरफ बढ़ते हुए उसने अपनी चाल तेज की, लेकिन तब  अचानक एक बहुत ही अजीब घटना हुई वह कुछ झिझका, रुका और चला। लेकिन शायद उसे ठोकर लगी या उसने कोई नाटक सा किया लेकिन वह सर के बल घास पर गिर गया।'

'गिरने के बाद वो दुबारा नहीं उठ पाया और वहीँ घास पर औंधे मुँह पड़ा रहा। अचानक डायना ने बहुत तेजी से हंसना प्रारंभ किया। जंगल की शांति को भंग करती हुई उसकी हंसी बेहद डरावनी लग रही थी।'

'रिचर्ड का भाई एलियट गाली देते हुए आगे की ओर लपका। और चिल्लाया, "ये मजाक मुझे पसंद नहीं है। रात काफी हो रही है उठो रिचर्ड जल्दी।"

'लेकिन रिचर्ड वहीं पड़ा रहा जहाँ वो गिरा था। एलियट उसके नजदीक पहुंचा और घुटनों के बल झुका। उसने उसको बहुत आहिस्ता से सीधा किया और उस चाँदनी रात में उसके मुआयना किया लेकिन जब वो उसका मुआयना करके खड़ा हुआ तो उसका समस्त शरीर काँप रहा था। एलियट बहुत जोर से चिल्लाया, "डॉ! डॉ जल्दी आओ, मुझे लग रहा है कि मेरा भाई मर चुका है।"

'एलियट कांपते क़दमों से हमारी तरफ लौटने लगा। लौटते समय वो अपने हाथों को देख रहा था जिस पर मैंने कोई खास तवज्जो नहीं दी। उधर डॉ साइमंड्स रिचर्ड की ओर भागे और उसकी नब्ज़ टटोली।'

मैंने पूछा, "डॉ, क्या हुआ? और डॉ की गर्दन निराशाजनक रूप से इंकार में हिल गयी।"

'रिचर्ड हेडन मर चुका था। एलियट मेरे नजदीक आया तो मैंने उसे सांत्वना देते हुए कहा कि दुखी मत हो हो सकता है कि वो दिल का कमजोर हो और ऐसी घड़ी में उसका हार्टफेल हो गया हो।'

'एलियट ने इंकार में गर्दन हिलायी और रोते हुए बोला, "उसका क़त्ल किया गया है, उसके सीने में खंजर घौम्पा गया है।"

' इतना कह कर उसने मुझे अपने हाथ दिखाये। उसके हाथ खून से सने हुए थे।'

'उसके शब्द सुनते ही लेडी मेनरिंग चिल्लाई, "मैंने डायना के हाथों में एक चमक सी देखी थी। शायद किसी धातु की।"
'उसी क्षण डायना भी चीखी,  "हे भगवान! वो मर गया? लेकिन मेरी ऐसी कोई मंशा नहीं थी। पर वो मेरी वजह से मरा है।"वो केवल इतना ही कह पाई और घास के ढेर पर जा गिरी। वह बेहोश हो चुकी थी'

'मिसेज रोजर्स चिल्लाई और बोली, "हमें इस खतरनाक स्थान से तुरंत बाहर जाना चाहिए। यहां किसी के साथ कुछ भी हो सकता है यहाँ मुझे बहुत डर लग रहा है।"

'मैं स्तब्ध था। उसी क्षण डॉक्टर साइमंड्स, रिचर्ड की लाश का मुआयना करके खड़े हुए और हमारे पास आए। वह पूरी तरह पीले पढ़ चुके थे और उनका पूरा शरीर काँप रहा था।'

"क्या हम सब लोग पागल हैं जो अब भी ऐसी खतरनाक जगह खड़े हैं। यहां किसी के साथ कुछ भी हो सकता है। इस जगह मौत का वास है।" वो बोले।

"क्या ये सही है कि उसका क़त्ल हुआ है, उसे खंजर मारा गया है?" मैंने पूछा।

'साइमंड्स ने सहमति से सर हिलाया और बोले, "घाव तो बिल्कुल वैसा ही है जैसा कि एक लंबे और पतले खंजर के वार से बनता है लेकिन वहां पर कोई खंजर नहीं है।"

'हम सब ने एक दूसरे की तरफ देखा। "लेकिन खंजर वहां होना चाहिएl" एलियट चिल्लाया, "हो सकता है कि उसे छुपा दिया गया हो या वह जमीन पर कहीं आस पास ही पड़ा हो! आओ चलकर देखते हैं।"

'हम सब ने वहां जमीन पर खंजर की तलाश में हर कोना-खुदरा छाना लेकिन हमारा यह प्रयास व्यर्थ ही साबित हुआ।'

'तभी वायलेट मेनरिंग ने कहा, "कोई मेरी बात सुनता क्यों नहीं है? मैंने डायना के हाथ में कुछ देखा था शायद वह खंजर हो सकता था। मैंने धातु की चमक देखी थी जब वो उसको चेतावनी दे रही थी।"

'एलियट ने इंकार में सिर  हिलाया और उसका विरोध किया। उसने कहा, "वह उससे कम से कम 3 गज दूर था। इतनी दूर से ऐसा संभव नहीं हो सकता।"

'लेडी मेनरिंग ने डायना के पास जाकर उसका पूरा शरीर टटोला और घोषणा की,  "नहीं, इस के हाथ में कुछ नहीं है और ना ही यहां आस-पास जमीन पर कोई खंजर पड़ा हुआ। वॉयलेट, क्या तुम को पूरा विश्वास है कि तुमने उसके हाथ में खंजर देखा था?" वॉयलेट निशब्द थी।'

साइमंडस ने कहा, "अब हमें बेहोश लड़की को घर तक पहुंचाना होगा। रोजर्स, आओ और हमारी मदद करो।"

'उसके बाद हम सब ने मिलकर डायना को घर तक पहुंचाया। हम जंगल दुबारा पहुंचे और सर रिचर्ड की लाश को भी घर लेकर आए।'

'पेंडर ने कमरे में उपस्थित सभी जनों को एक खेदसूचक दृष्टि से देखा और कहा, "आजकल हर किसी को ऐसे मामलों का बखूबी ज्ञान है और यह ज्ञान बाजार में उपलब्ध जासूसी साहित्य की बदौलत है। आजकल तो एक गली का लड़का भी जानता है किसी भी लाश को उसी अवस्था में पड़ी रहने देना चाहिए जिसमें कि वह मिली है। लेकिन उन दिनों हमको ऐसा ज्ञान नहीं था और अपने अल्प ज्ञान की वजह से हम रिचर्ड हेडन की लाश को उसके ग्रेनाइट वाले घर में लेकर आए और उसको उसके बेडरुम में रख दिया। फिर हमने बावर्ची को पुलिस की तलाश में साइकिल से भेजा। उसे करीब 12 मील चलना था।"

'उसके बाद एलियट हेडन ने मुझे एक तरफ खींचा, और कहा, "देखो, मैं फिर से जंगल में जा रहा हूँ। चाहे कुछ भी हो उस खंजर का मिलना बेहद जरूरी है।"

"वो वहाँ नहीं था अगर होता तो जरूर मिलता। तुमने देखा नहीं, उसको ढूंढने के लिए हमने कितनी मशक्कत की थी।"

'उसने मेरे बाजू को थामा और जोर से झटका देकर बोला, "तुम्हारे दिमाग में अभी तक अन्धविश्वास व्याप्त है। मेरे भाई का क़त्ल हुआ है और तुम अभी भी सोच रहे हो कि उसकी मौत की जिम्मेदार तुम्हारी तथाकथित शैतानी शक्तियां हैं। तुम यहाँ पड़े-पड़े ऐसा सोचते रहो लेकिन मैं उस खंजर की तलाश में जंगल फिर से जा रहा हूँ।"

'उसका ऐसा करना मुझको बहुत बुरा लग रहा था, मैंने उसे रोकने की तमाम कोशिशें की लेकिन सब की सब नाकाम ही साबित हुईं। मैं उसके फैसले से दुखी था। उस जंगल के बारे में सोचना तक मेरे लिए दुःस्वप्न था। मुझे किसी अप्रिय घटना के फिर से होने का प्रबल एहसास हो रहा था। लेकिन एलियट अपनी जिद पर अढ़ा रहा। वो भी अंदर से डरा हुआ था लेकिन स्वीकार नहीं कर रहा था और आखिर इस रहस्य की तह तक जाने के लिए वो जंगल की तरफ निकल गया।'

'वो रात बहुत भयानक थी, हममें से कोई भी उस रात सो न सका और न ही हमने ऐसी कोई कोशिश की। जब पुलिस वहाँ आयी तो उन्होंने ने भी साफतौर पर इस घटना पर विश्वास नहीं किया। उन्होंने डायना से पूछताछ करने की मंशा जाहिर कि और इसके लिए उनको डॉ साइमंड्स का सामना करना पड़ा जिन्होंने इस विचार को सिरे से ही ख़ारिज कर दिया। यद्यपि डायना अपनी बेहोशी और सदमे से उबर चुकी थी लेकिन डॉ ने उसकी वक़्तीजरूरत को मद्देनजर रखते हुए उसे नींद का एक तगड़ा डोज दे दिया था जिसके जेरेसया वो अगले दिन तक उठने नहीं वाली थी।'

'सुबह लगभग सात बजे तक किसी को एलियट का ख्याल तक नहीं आया और तब अचानक डॉ साइमंड्स ने उसके बारे में पूछा। तब मैंने उसे रात हुयी घटना का पूरा विवरण सुनाया। सुनकर डॉ का पहले से पीला पड़ा हुआ चेहरा और पीला पड़ गया। "उसे वहाँ नहीं जाना चाहिए था, वो भी अकेले। ये तो अव्वल दर्जे की मूर्खता है।" वो बोला।

"तुम्हें ऐसा तो नहीं लगता क़ि उसके साथ भी कहीं कुछ अप्रिय तो नहीं घट गया?" मैंने पूछा।

"पादरी, दुआ करो कि ऐसा कुछ न हुआ हो। आओ चलकर देखते हैं।"

'डॉ सही कह रहा था लेकिन जंगल में वापस जाने को जो हिम्मत चाहिए थी मैं वो  जुटा ही नहीं पा रहा था। जैसे-तैसे ईश्वर का नाम लेकर मैं उसके साथ जंगल की तरफ चला। एक बार फिर मैं उस अपशकुनी जंगल में दाखिल हुआ। हमने उसे दो बार आवाज लगायी लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात। दो मिनट में ही हम उस खुली जगह पर आ पहुंचे थे जो सुबह के प्रकाश में भी भयावह और भुतहा नजर आ रही थी। अचानक साइमंड्स ने बाँह को बहुत तेज दबाया, अपनी चीख को मैंने गले में ही घोंटा। पिछली रात चाँद के प्रकाश में हमने देखा था कि घास पर एक इंसानी शरीर औंधे मुंह पड़ा हुआ था। अब सुबह के उजाले में भी वही दृश्य हमारे सम्मुख था। एलियट हेडन उसी जगह उसी स्थिति में वहां पीठ के बल पड़ा हुआ था।'

"हे भगवान, इसका भी वही हश्र हुआ।" साइमंड्स बोला।

'हम दौड़कर उसके पास पहुंचे। एलियट हेडन बेहोश था, उसकी सांस फंस-फंस कर आ रही थी और इस बार तो इस घटना की बाबत कोई शक भी नहीं था। उसके बायें कंधे के थोड़ा नीचे घाव में फंसा खंजर अब भी मौजूद था। खंजर बेहद पतला और तांबे का बना हुआ था। इस बार हत्यारा चूक गया था। क्योंकि शैतानी शक्तियों का वार कभी खाली नहीं जाता।'
"उसे कंधे से पकड़कर उठाओ, सीने से पकड़ कर नहीं। वो नसीबवाला है जो बच गया है।" डॉ साइमंडस ने कहा। "चाहे कुछ भी हो ये किसी भी कीमत पर मरना नहीं चाहिए क्योंकि इस घटना का यही एकमात्र चश्मदीद है और यही हमें बता सकता है कि यहाँ आखिर हुआ क्या?"

'लेकिन एलियट हेडन हमें कुछ भी ढंग से नहीं बता सका। उसका विवरण बहुत ज्यादा अस्पष्ट था। उसकी खंजर ढूंढने की कोशिश पूरी तरह व्यर्थ चली गयी थी इसलिए खंजर की तलाश छोड़कर वो प्रतिमाघर के निकट खड़ा हो गया था। तभी उसे महसूस हुआ कि पेड़ों के पीछे से कोई उस पर नजर रखे हुए था। उसने अपनी इस धारणा की पुरजोर ख़िलाफ़त की लेकिन वो इस धारणा से मुक्त नहीं हो पाया। उसने बताया कि एक अजीब सी ठंडी हवा उसी समय अचानक बहने लगी। ऐसा प्रतीत हो रहा था क़ि ये हवा जंगल की तरफ से नहीं अपितु प्रतिमाघर के आंतरिक हिस्से से आ रही थी। वो घूमा और उसने मंदिर में झाँका। उसने वहाँ एस्टार्ट की देवी की छोटी मूर्ति देखी और उसे एहसास हुआ क़ि वो एक दृष्टिभ्रम का शिकार होता जा रहा था क्योंकि मूर्ति का आकार हर पल बढ़ता ही जा रहा था। अचानक उसकी कनपटियां बजने लगी, वो पीछे की तरफ घूमा और उसे अपने बाएं कंधे में दर्द की एक तीव्र लहर महसूस हुई। एक धुंधली सी आकृति वहाँ से भाग रही थी। इसके बाद वो पीछे की तरफ गिर गया और बेहोश हो गया।'

'खंजर की पहचान हो चुकी थी। ये वही खंजर था जी कि दूसरी पहाड़ी पर की गयी खुदाई के दौरान एक हाथठेले में मिला था, इस खंजर को रिचर्ड हेडन ने ख़रीदा था। वो इसे कहाँ रखता था, अपने घर पर या जंगल में स्थित प्रतिमाघर में, इसके बारे में सब अनभिज्ञ थे।'

'पुलिस की राय में ये सब कियाधरा डायना का था। उसी ने रिचर्ड और एलियट को खंजर घोंपा था। हमने उनकी इस राय को अपने तर्कों से खारिज किया क्योंकि रिचर्ड वाली घटना में वो उससे तीन गज दूर था और एलियट वाले मामले में वो खुद नींद की दवा के प्रभाव में थी। अतः हम सबके सम्मिलित मतानुसार वो उस पर कोई इलज़ाम नहीं लगा पाये। इस प्रकार ये घटना घटित हुई और एक रहस्य बनकर रह गयी।'

कमरे में सन्नाटा छा गया। जिसे जॉयस लुम्पियर ने तोड़ा। वो बोली, "यहाँ कहने लायक कुछ भी नहीं है। ये मामला बहुत ही डरावना और पूरी तरह से अलौकिक है।"

'केवल एक ही तरीका हो सकता है जिससे रिचर्ड हेडन के सीने में खंजर घोंपा जा सकता था।' मिस मार्पल बोली। 'लेकिन उससे पहले हमें पता होना चाहिए कि उसको ठोकर कैसे लगी? निसन्देह ये शायद किसी पेड़ की जड़ रही होगी। वो लड़की की तरफ देख रहा था, और जब प्रकाश के नाम पर केवल चाँदनी हो तो किसी को भी ऐसी जगह पर ठोकर लग सकती है।'

'मिस मार्पल, तो तुम कहना चाहती हो कि केवल एक तरीके से रिचर्ड के खंजर घोंपा जा सकता है।' पादरी ने उनकी तरफ आश्चर्य से देखते हुए कहा।

'यह है तो बहुत दुखद और मैं इस बारे में सोचना भी नहीं चाहती। वो सीधे हाथ से काम करने वाला व्यक्ति था, था कि नहीं? मेरा मतलब है कि खुद को बायें कंधे में खंजर घोंपने के लिए उसका सीधे हाथ से काम करने वाला होना जरूरी था। मुझे कोई उम्मीद नहीं कि बेचारे एलियट को अपने इस दुष्टतापूर्ण कृत्य से बाद में कोई फायदा मिला होगा।' मिस मार्पल बोलीं।

'तुम्हारा मतलब एलियट हेडन! ये सब उसने किया था।' रेमंड वेस्ट चिल्लाया।

'मुझे नहीं मालूम कि उसके अलावा और किसी के पास ये सब करने का क्या तरीका था।' मिस मार्पल ने अपनी आँखों को नाटकीय ढंग से थोड़ा बड़ा करते हुए कहा। 'मेरा मतलब है, जैसा कि मि. पैथरिक ने बताया, कि आपको केवल तथ्यों पर ध्यान देना चाहिए और देवी की मूर्ति स्थापित रहने से उत्पन्न प्रभाव को पूरी तरह अवहेलित करना चाहिए क्योंकि ऐसे मामलों में इस प्रभाव प्रभाव या माहौल के साये में आना सही नहीं है। तो मैं बता रही थी कि एलियट उसके पास गया और उसके ऊपर झुका। जाहिर है ऐसा करते वक़्त उसकी पीठ वहां मौजूद सब लोगों के सामने आ गयी, अब चूँकि वो सेना के सेनापति की पोशाक में था तो उसके पास उसकी बेल्ट में हथियार मतलब खंजर होना तो लाज़िमी था। मुझे याद है जब अपनी जवानी के दिनों में मैं एक सेनापति की पोशाक पहने हुए व्यक्ति के साथ नाच रही थी तो उसके पास पाँच तरीके के चाकू और खंजर थे और मैं तुमको बता नहीं सकती कि ऐसे जोड़ीदार के साथ नाचना कितना भद्दा और परेशानी भरा होता है।'

"मुझे सच मालूम है।" डॉ पेंडर बोले और सारी आँखे उनकी ओर घूम गयीं।, "इस दुखद घटना के पांच साल बाद मुझको एलियट द्वारा लिखा गया एक खत मिला। इसमें उसने लिखा था क़ि वो हरपल यही सोचा करता है कि मैं उस पर शक करता रहता हूँ। उसने लिखा कि ये सब एक क्षणिक आवेग में हुआ था। वो भी डायना एश्ले से मोहब्बत करता था लेकिन वो एक वकील था और अपने पेशे में अभी संघर्ष कर रहा था। रिचर्ड को अपने रास्ते से हटा कर वो उसकी तमाम चल और अचल संपत्ति का मालिक बन सकता था और यूं उसका भविष्य संवर सकता था। वो जैसे ही रिचर्ड के ऊपर झुका, खंजर उसकी बेल्ट से बाहर निकल आया और इससे पहले कि वो कुछ विचार कर पाता उसने खंजर रिचर्ड के सीने में उतार दिया और वापस अपनी बेल्ट में खौंस लिया। बाद में शक की सूई किसी और की तरफ मोड़ने के लिए उसने खुद के भी खंजर घौंप लिया और हमको मनगढंत कहानी सुना दी। उसने मुझे वो ख़त अपने दक्षिणी ध्रुव के अभियान पर जाने से पहले लिखा था और उसने लिखा था कि उसे वहाँ से वापस नहीं लौटना चाहिए। में सोचता हूँ उसके वापस लौटने का तो अब सवाल ही नहीं उठता और, जैसा कि मिस मार्पल ने कहा, उसके जुर्म का उसे कोई फायदा नहीं मिला। इन पाँच सालों के दौरान उसने नर्क भोगा था। एक सम्मानजनक मृत्यु पाकर ही शायद उसके इस पाप का प्रायश्चित हो पाए।'

कमरे में एक बार फिर एक सन्नाटा छा गया जिसको सर हेनरी ने तोड़ा, "और उसे वास्तव में एक सम्मानजनक मृत्यु ही नसीब हुयी थी। तुमने अपनी कहानी में भले ही नाम बदल दिए हों डॉ पेंडर, पर में इस व्यक्ति को जानता हूँ।"

'जैसा कि मैंने कहा' ,बूढ़े पादरी ने अपनी बात जारी रखी, 'मुझे नहीं मालूम कि इस हल में सारे तथ्य समाहित हैं या नहीं लेकिन मुझे आज भी विश्वास है कि उस जंगल में काली शक्तियों का प्रभाव वाकई में था, ऐसा प्रभाव जिसने एलियट द्वारा किये गए कृत्य को निर्देशित किया था। बादबाकी आज भी मैं एस्टार्ट के प्रतिमाघर के बारे में बिना कंपकंपाये नहीं सोच सकता। अब अगली कहानी कौन सुनाने वाला है?'

4 comments:

  1. Iske aage 2nd part bhi hai kya? Waise itna bhi bahut achchhi hai.

    ReplyDelete
  2. कुल तेरह कहानियां हैं भाई जिनमें से मैने केवल एक का अनुवाद किया है।

    ReplyDelete
  3. This comment has been removed by the author.

    ReplyDelete
  4. बहुत बढिया अनुवाद किया है सुनीत भाई ,
    आगे की। कहानी के बारे मे भी कुछ सोचिए..
    पाठक सर की। क्राइम क्लब की। याद ााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााााा

    ReplyDelete