Wednesday, 18 May 2016

‪#‎ट्रिंग‬-ट्रिंग आखिरी ( कॉल फिर से)
"अरे! वो बैटरी डिस्चार्ज हो गयी थी। चार्जर में फ़ोन लगाकर बात कर पा रही हूँ।"
"कोई बात नहीं, हो जाता है कभी कभी ऐसा। आप कुछ बताने वालीं थी हमको?"
"हाँ, वो बात कुछ ऐसी है कि..... कैसे बताऊँ?"
"बोलकर और उचित शब्दों का प्रयोग करके। लेकिन जल्दी।"
"यार, मेरे 'ये' अब मुझ पर बिलकुल ध्यान नहीं देते न ज्यादा बात करते, घर आते हैं, खाना खाकर बस अपने फोन से लग जाते हैं।"
"अरे यार, तुम भी न, बस रहने दो! कोई जॉब बगैरह की टेंशन होगी उनको या कुछ नया प्लान कर रहे होंगे।"
"अरे नहीं यार! पहले पूरी बात तो सुन लो..., पहले इनका मोबाइल सब के लिए ओपन रहता था। लेकिन पिछले 2 महीनों से इनके मोबाइल में थ्री लेवल की सिक्यूरिटी लगी हुयी है। और, कोई भी इनका मोबाइल अब आजकल टच भी कर ले तो गुनाह सा हो जाता है। गर्म हो जाते है तुरंत ही।"
"अच्छा, फिर तो तुम्हारे इन पर किसी हसीं चुढ़ेल का साया है।"
"यही मुझे लग रहा है। कोई मरदूद मेरे परिवार में सेंध लगा रही है। मिल जाए तो खून पी जाउंगी उसका।"
"रहने दो तुम पर न हो पायेगा।"
"अरे ऐसे कैसे न हो पायेगा? चीर दूँगी उसको। कसम से, एक बार मिले तो सही।"
"चीर देना और फाड़ भी देना, जो मर्जी हो वो कर लेना... लेकिन मुझको क्या करना है ये तो बताओ?"
"अरे! मुझे बताओ कि उससे कैसे छुटकारा पाऊँ? उसकी हिम्मत कैसे हुई मेरे घर में डाका डालने की!"
"मैं बताऊँ..? अरे मैं कैसे बता सकता हूँ? मुझे तो इस केस की एबीसीडी तक न मालूम।"
"मत बताओ। तुम बदल गए हो। बहुत बदल गए हो।"
"हौ! कभी कहती हो बिलकुल नहीं बदले और कभी कहती हो कि बदल गए हो। अगर सच बोले हम तो, हम आज भी वैसे ही हैं। बदलीं तुम हो। खैर जाने दो।समाधान बताऊँ?"
"हाँ, और क्या?"
"मतलब के लिए ब्लाक को भी अनब्लॉक करना पड़ता है। कहावत बदल दी है हमने।"
"क्या?"
"बाद में समझना इसको, खैर समाधान है.... सुनो! अगर आप प्रेमिका हो, पत्नी हो या कुछ और भी हो... या प्रेमी हो, पति हो और आपके रहते आपके साथी कहीं और बिजी हैं तो हार आपकी है। गलती उनकी नहीं गलती आपकी है। सुनो बीच में न बोलो... आपने कभी ध्यान दिया उन पर; जबसे बेटा बढ़ा हुआ है? कहाँ गयी आपकी वो अदाएं, वो बेफिक्री जिससे आपने हम जैसे पत्थरदिल को पिघला दिया था। शायद आप माँ बनने के बाद अपनी सामर्थ्य को भूल चुकी हो। अरे सुनो पहले... समाधान ही बता रहे हैं। अपने रूपरंग के जादू को जीवित करो। रात में जागो। थोड़ी अदा थोड़े नखरे दिखाओ... भूल चुकी होंगी लेकिन याद करना और अप्लाई करना। एक नेट क्लॉथ गाउन और ले लो। बस समाधान हाज़िर है। अपने घर की बातें मत करना, अपने उनके घर की बातें करना, भविष्य की बात न करना बस वर्तमान की बातें करना। इंशाअल्लाह सब सही हो जाएगा। आपकी हार धीरे-धीरे जीत में बदल जायेगी।"
"क्या ये तरीका काम करेगा?"
"ये तो आप अप्लाई कर के बताएंगी।"
"ठीक है, में हारी नहीं हूँ। करती हूँ ये फार्मूला अप्लाई।"
"करो!"
"एक प्रश्न और आपसे?" क्या आज भी मुझसे उतना ही प्यार करते हो?"
"जबाब में इतना कहूँगा कि मरना है लेकिन आत्महत्या नहीं करूँगा और किसी बिमारी से नहीं मरूँगा और तुमसे पहले नहीं मरूँगा। क्यों? इसका जबाब तुमको पता है।"
"जो कहते हो वो करते हो, इसलिए न?"
"नहीं, जो करता हूँ वो कहकर करता हूँ इसलिए। अब शुभरात्रि। दो बार कॉल कर दी हिसाब बराबर। अगर स्थिति काबू न रहे तो (वैसे तो ऐसा होगा नहीं) दुबारा कॉल करना। शुभरात्रि।"
"शुभरात्रि! कितनी खुशनसीब है वो, काश में भी हो पाती!"
"अगले जन्म में!" टूँ टूँ टूँ.........
"अरे भैया, आगरा जाना है!"
"तो जाओ भाई, मुझे क्यों बता रहे हो? ऐसे हर किसी को बताते जाओगे तो पहुंचने में देर हो जायेगी।"
"अरे नहीं भाई, बस ये बताओ कि क्या ये सड़क आगरा जाती है?"
"भाई 20 साल से तो मैं देख रहा हूँ, सड़क तो यहीं हैं । ये कहीं नहीं जाती।"
"भाईसाहब, मुझे आगरा जाना है।"
"तो जाओ मेरे भाई, मुझसे क्यों परमिशन मांग रहे हो?"
"यार अजीब आदमी है तू।"
"अजीब की तो पता नहीं लेकिन आदमी हूँ ये पता है।"
"तू जा, किसी और से पूछता हूँ।"
"आप पूछ रहे थे, मैंने सोचा बता रहे थे। क्या पुछा था?"
"आगरा जाना है, कैसे जाएँ?"
"आगे से राईट बस स्टैंड है, बस पकड़ लो पहुँच जाओगे आगरा।"
"तू पिटाई मांग रहा है, यार गाड़ी है हमारे पास।?"
"भाई बस से जाओगे तो गाड़ी यहीं खड़ी करनी पड़ेगी।"
"अरे गाड़ी से जाना है। बस रास्ता बता तू।"
"किसका?"
"आगरा जाने का। मेरे बाप।"
"भाई तो अब सही प्रश्न पूछे हो, पहले ही पूछ लेते?"
"तो अब बता दे मेरे भाई।"
"भाई मेरी पीठ पर क्या है?"
"बैग।"
"में खुद अलीगढ का रास्ता पूछ रहा हूँ।"
"ये शहर कोनसा है?"
"भाई, हाथरस है।"
"चलबे इमरान, गूगल मैप चालू कर!"
"भाई, अलीगढ़ का रास्ता भी बता देना, मेरा इंटरनेट पैक रोमिंग में खर्च हो गया है। भाई, भाई ...... रुक तो।"
काले बादल और सर्द हवा,
प्यासी धरती अब मांगे दवा।
एक एहसान धरा पर आने दो,
थोड़ी बारिश हो जाने दो।
सूखे पत्ते , सूखी घास,
सबके दिल में इक ही आस।
इक अहसान धरा पर आने दो,
थोड़ी बारिश हो जाने दो।
सूखे नाले, सूखी नदियाँ,
और सूखी सब ताल तलैयां हैं।
सूना जीवन , सूनी राहें,
सूनी नब जीवन नैया है।
इन सबकी एक गुजारिश है,
कुछ जान तो हममे आने दो,
थोड़ी वारिश हो जाने दो।
(सुबह बारिश में भीगते हुए सोची थी)
दिन-सोमवार, तारीख-याद नहीं, स्थान-कक्षा 10 का एक सेक्शन।
क्लास में पढ़ाते-पढ़ाते हम अचानक से विद्यार्थियों के बीच चहलकदमी करने लगे और एक बालिका की सीट के सामने ठिठक कर खड़े हो गए और बोले-
"छोटी बहन से लड़ना जरूरी था क्या कल तुम्हारा?"
"नहीं तो सर, नहीं लड़ी थी।"
"झूठ मत बोलो, टीवी के रिमोट को लेकर झगड़ा नहीं हुआ तुम्हारा उससे?"
"सॉरी सर, हुआ था।"
"अरे बिटिया तुम उससे बड़ी हो, तो उसके लिए सैक्रिफाइस तो कर सकती थीं न? .......कर सकती थीं न?"
"जी सर।"
"गुड़, आगे से ध्यान रखना। सिट डाउन।"
"थैंक यू सर। लेकिन आपको कैसे पता लगा सर? मैंने तो अपनी फ्रेंड्स के साथ भी ये मैटर अभी शेयर नहीं किया।"
"बिटिया हम बड़े है न और थोड़े अनुभवी भी।"
"नहीं सर, प्लीज़ बताइये न, ये बात तो मेरे और मेरी बहन के अलावा किसी को नहीं मालूम, इवन मम्मी और डैडी को भी नहीं।"
"अरे बता तो दिया कि हम अनुभवी है।"
"मेरी बहन भी नहीं बता सकती क्योंकि वो दूसरे स्कूल में है और आपका फ़ोन नम्बर भी घर पर नहीं है। सर प्लीज् बताइये न। मुझे बहुत सस्पेन्स सा फील हो रहा है।"
"बाद में बता देंगे।"
"सर प्लीज़ अभी बताइये न!"
"बताते हैं।"
और हमने कहना शुरू किया-
"देखो आपके सीधे हाथ पर कुछ खरोंचों के निशान हैं और इतने साल के अनुभव के आधार पर हम नाखून से लगी खरोंच और दूसरी चीजों से लगी खरोंच में अंतर बहुत आसानी से पता लगा लेते हैं (स्कूल में अक्सर बच्चों के झगड़े में यही खरोंचे दिखतीं है)। हाथ पर लगी खरोंच से हमें ये पता चला कि छीना झपटी हुयी है। अगर और कोई वजह होती तो खरोंच चेहरे पर भी एक दो होती। इसी वजह से हमने ये अंदाज़ लगाया कि ये खरोंच किसी अपने द्वारा दी गयी हैं। खरोंच चूँकि नाखून की हैं और नाखून लड़कियों के बड़े होते हैं इसलिए ये भी सोचना बहुत आसान था कि छीनने वाली लड़की थी। लड़की तुमसे छोटी थी ये बात से पता लगा कि चीज़ तुम्हारे हाथ में थी अगर वो बड़ी होती तो खरोंच उसके हाथ में होती क्योंकि वो बचाव कर रही होती। सिंपल।"
"वाह सर! वाह! लेकिन रिमोट का कैसे पता लगा?"
"अरे कल रविवार था न, मतलब बच्चों का टीवी देखने का दिन और फोन या कम्प्यूटर पर गेम खेलने का दिन। अगर बात कम्प्यूटर पर गेम खेलने की होती तो झगड़ा न होता क्योंकि वहां टाइम शेयरिंग हो सकती है। फ़ोन अगर होता तो वो पर्सनल होता तो झगड़ा होने के चान्स बहुत कम थे और अगर मम्मी या पापा का होता तो आपके हाथ में आने के चांस भी कम थे। अब बची टीवी, तो न तो उसमें टाइम शेयरिंग हो सकती है और न आप दूसरों की पसंद का प्रोग्राम देख सकते हो। इसलिए टीवी ही आप दोनों के लिए आसानी से रविवार वाले दिन झगडे का कारण बन सकती है। बादबाकी हम भी झगड़े है टीवी की वजह से। बस यही सब था।"
"अच्छा सर, अगर आपके अंदाजे गलत होते तो?"
"तो क्या! कुछ नहीं, नया अनुभव मिलता हमको। हम तो सीखने और सिखाने के लिए ही पैदा हुए हैं न।"
"सर मुझे नहीं मालूम था कि एक दो खरोंचों से भी कोई जीनियस इतना कुछ मालूम कर सकता है। लेकिन इतना सब आपने मुझे देखकर केवल 7 या 8 सेकण्ड्स में कैसे डिडक्ट कर लिया?"
"बहुत आसान था क्योंकि मेँ भी सुनील हूँ।
कहानी कहने की कला आजकल लुप्त सी होती जा रही है और जिस हिसाब से युवा पीढ़ी चैट कर रही है तो शायद भविष्य में कुछ लोगों की चैट हिस्ट्री भी नयी कहानियों का मरकज बनेगी। खैर लुप्त होती कला का एक नमूना पेशेखिदमत हैं। पढोगे तभी तो आगे बढ़ोगे।
तो जनाब किसी मज़ार पर एक फकीर रहा करते थे। सैकड़ों भक्त उस मज़ार पर आकर दान-दक्षिणा चढ़ाते और मन्नत माँगा करते थे। उन भक्तों में एक फेरीवाला भी था। वह बहुत गरीब था, फिर भी नियमानुसार मज़ार पर आकर माथा टेकता, फकीर की सेवा करता, और फिर अपने काम पर चला जाता। उसका कपड़े का व्यवसाय था, कपड़ों की भारी पोटली कंधों पर लिए सुबह से लेकर शाम तक गाँवों की गलियों में फेरी लगाता और कपड़े बेचता।
आखिरकार एक दिन उस फकीर को उस फेरीवाले पर दया आ गई और फ़क़ीर ने अपना गधा फेरीवाले को भेंट कर दिया।
अब तो फेरीवाले की आधी समस्याएं हल हो गईं। अब वह सारे कपड़े गधे पर लादता, जगह-जगह जाता और जब थक जाता तो खुद भी गधे पर बैठ जाता। फेरीवाले की जिंदगी अब कुछ सुखद हो चली थी। यूं ही कुछ महीने बीत गए। लेकिन समय की एक आदत होती है चाहे वो अच्छा हो या बुरा, जल्दी ही बीत जाता है। तो फेरीवाले का भी सही समय बीत चला था और एक दिन गधे की मृत्यु हो गई।
फेरीवाला बहुत दुखी हुआ, पर मृत्यु के आगे किसकी पेश चली है तो फेरीवाले ने गधे को उचित स्थान पर दफनाया, उसकी कब्र बनाई और फूट-फूट कर रोने लगा। उसका रोना लाज़िमी था, आखिर गधे ने उसकी जिंदगी की कुछ कठिनाइयों को ख़त्म ही किया था।
उधर, समीप से जा रहे किसी व्यक्ति ने
जब यह दृश्य देखा, तो सोचा जरूर किसी संत की मज़ार होगी। तभी यह फेरीवाला यहां बैठकर अपना दुख रो रहा है। यह सोचकर उस व्यक्ति ने गधे की कब्र पर अपना माथा टेका और अपनी मन्नत हेतु वहां प्रार्थना की और कुछ पैसे चढ़ाकर वहां से चला गया।
खुदा न खास्ता कुछ दिनों के उपरांत ही उस व्यक्ति की मनोकामना उसके कर्मयोग की वजह से पूर्ण हो गई। लेकिन अन्धविश्वास के मारे उस व्यक्ति ने खुशी की वजह से सारे गांव में डंका बजवा दिया कि अमुक स्थान पर एक फकीर की मज़ार है। वहां जाकर जो अरदास करो वह पूर्ण होती है। मनचाही मुरादें वहां बख्शी जाती हैं।
उस दिन से उस कब्र पर भक्तों का जो तांता लगना शुरू हो हुआ तो बस हो ही गया। दूर-दराज से भक्त अपनी मुरादें लेकर वहाँ आने लगे और तमाम तरीके के चढ़ावे और रूपये चढाने लगे। अब जनाब, फेरीवाले की तो चांदी हो गई, बैठे-बैठे उसे कमाई का साधन मिल गया था।
फेरीवाले के दिन अब और ज्यादा सही गुजर रहे थे। अब वो फेरीवाला न होकर पीर बन चुका था। लेकिन दुनिया तो गोल होती है।
एक दिन वही फकीर, जिन्होंने फेरीवाले को अपना गधा भेंट स्वरूप दिया था, वहां माथा टेकने आये और तमाम चढ़ावा दिया। जाते समय फेरीवाले की नजर उन पर पड़ी तो उनको देखते ही फेरीवाले ने उनके चरण पकड़ लिए और बोला-
"मियाँ, आपके गधे ने तो मेरी जिंदगी बना दी। जब तक जीवित था तब तक मेरे रोजगार में मेरी मदद करता था और मरने के बाद मेरी जीविका का साधन बन गया है।"
फ़क़ीर ने ज़बाब दिया, "सही है बच्चा। अल्लाहताला तुमको बरकत दे।"
फेरीवाले ने कहा, "मुझ पर उन पीर पैगम्बर की कृपा हुयी जिनकी सेवा आप और मैं उनकी मज़ार पर करते थे। मेरे नित सेवाभाव और दान से उनकी कृपादृष्टि मुझ पर पड़ी और मुझ पर से सारे संकट हट गए हैं।"
तब फ़क़ीर ने हँसते हुए कहा, "बेटा तू मूरख है , नितांत और महा मूरख है। मैं तो भागा हुआ अपराधी था, बूढा हो गया था तो बस फकीर बन गया। बादबाकी जिस मजार पर आकर तुम नमाज़ पढ़कर दुआ माँगते थे वो मजार इस गधे की माँ की है। वहां इस गधे की माँ दफ़न है। चढ़ावे में आने वाले रुपयों से हम मौज की जिंदगी जी रहे हैं। "
फेरीवाला सुन कर हंस-हंस कर लोटपोट हो गया था।मियाँ शायद इसे पढ़कर आप लोटपोट न हो पाओगे।
खैर अब आप गधों और उनकी माँ की मजारों पर तो न जाओगे ऐसा हम सोचते है। बादबाकी "उद्यमेन हि सिद्धयन्ति कार्याणि न हि मनोरथै" तो आपने भी सातवीं कक्षा में पढ़ रखा होगा।और अगर मनोकामना लेकर जाना भी है तो पहाड़ों पर जाओ, सारी देवियाँ वहीँ है। लेकिन हमारी जानकारी के अनुसार कोई मज़ार आपको पहाड़ों पर न मिलेगी।
हमारे देवता और देवी भी मेहनती थे जो उस ज़माने में पहाड़ो पर पैदल चले जाते थे।
सत्य घटना पर आधारित।
पिछले साल के किसी एक गर्मी के दिन का एक वाकया है। (कहानी लंबी है आपके हिसाब से। अगर समय हो तो ही पढ़ें।)
हम इंटरवल पर विद्यालय की सबसे खतरनाक गैलरी में अपने नियमित राउंड पर थे। ये गैलरी हमारे विद्यालय की सबसे व्यस्त गैलरी है। 15 मिनट के लंच ब्रेक में इस गैलरी से करीब दो हज़ार के लगभग छात्र आवागमन करते हैं। खैर लन्च ब्रेक था तो समस्त स्टूडेंट्स 15 मिनट की आजादी का जश्न मना रहे थे। अब विद्यालय प्रशाशन ने उनकी आज़ादी में खलल डालने के लिए उस गैलरी में हमको नियुक्त किया था। स्टूडेंट्स अपना हो हल्ला कर रहे थे और हम अपना हो हल्ला, (मतलब उनको डाँट रहे थे।) तभी अचानक किसी बात पर हमने 12th की एक लड़की को वहीँ गैलरी में सबके सामने तगड़ी सी डाँट पिला दी और उसने पी भी ली। खैर इंटरवल समाप्त हुआ। हम जा रहे थे और वो कन्या हमारे सामने आ रही थी। सामने आते ही उसने औचक सवाल किया, "सर! आप इतना तेज क्यों डांटते हो? इससे अच्छा पीट ही लिया करो।"
हमको जाने की जल्दी थी क्योंकि 5th पीरियड पर हम लन्च करते हैं। इसलिए हमने उस कन्या को कहा "लंबी कहानी है, फिर कभी आपकी क्लास में आकर बताते हैं।"
पूरा पुराना साल बीत गया लेकिन उस बालिका को हम अपना जवाब नहीं दे पाये। एक बार गए भी थे वक़्त निकाल कर 12th में लेकिन उस दिन वो कन्या कक्षा में अनुपस्थित थी।
खैर बिटिया उस दिन का जवाब तेरे लिए यहाँ लिख रहा हूँ। ये जवाब या कहानी तुम तक पहुँच ही जायेगी ऐसा हमको पूर्ण विश्वास है।
बात उस समय की है जब धरती पर इंसान और सर्प एकसाथ रहते थे। इंसान प्रकृति विरोधी था और सर्प प्रकृतिप्रेमी थे। अब जब भी इंसान कोई गलत कार्य करता, सर्प इंसान को तुरंत डस लेते। इंसान तुरंत मर जाता। अब इंसान परेशान रहने लगा। इंसानी बड़े बूढ़े परेशान होने लगे क्योंकि उनकी आजादी में इन तथाकथित सर्पों की वजह से खलल पड़ रही थी। तब कुछेक शक्तिशाली इंसानों ने शिवजी (क्योंकि सर्प शिवजी का अंगरक्षक माना जाता था) की प्रार्थना की। अब शिवजी का दूसरा नाम भोले है क्योंकि वो भोले हैं। उन्होंने इंसानों की व्यधा सुनकर तुरंत सारे सर्पों को एक नोटिस भेज दिया, "अगर आज के बाद किसी भी सर्प ने किसी भी इंसान को डसा तो उस सर्प को किसी और प्रजाति में बदलना होगा।"
सारे सर्प डर गए और इस नोटिस के डर से इंसानों को डसना उन्होंने शिवजी के तत्काल प्रभाव से तुरंत छोड़ दिया।
अब ये हुआ कि इंसानों ने सर्प के महत्त्व को ही दरकिनार कर दिया। अब तो जहाँ सर्प दिखाई दिया, वहां उस पर ईंट पड़े। सर्प पर सर्प बाँध कर रस्सी बनायीं जाती और उस पर इंसान अपने कपड़े सुखाते। किसी को भूसे की बोरी बांधनी होती और कोई रस्सी न मिलती तो क्या सर्प है न। सर्प से भूसे की बोरी बाँध ली।
कुल मिलाकर शिवजी के एक आदेश से अब सर्प अपने अस्तित्व को तलाश रहे थे।
लेकिन अब बारी कुछ ज्ञानी सर्पों की थी। उन्होंने शिवजी की तपस्या करके उनको प्रसन्न किया और अपनी समस्त समस्या बताई। कहा कि "अब हमारा तो कोई औचित्य नहीं हैं। हम डस ही नहीं सकते तो कैसे संतुलन बनाएं?"
तब शिवजी ने कहा, "मूर्खों तुमसे डसने को ही तो मना किया था, फुंफकारने की मना थोड़े ही की थी।"
तो बस यही हम कर रहे हैं और करते रहेंगे। हमारा काम और ड्यूटी इंसानों को सुधारना और संतुलन बनाना है। हम डस नहीं सकते तो क्या फुंफकारना भी बंद कर दें?
न जी, हम ये ही नहीं कर सकते। खैर जिनको हमारे डाँटने से दिक्कत होती है उन्होंने शायद हमारा प्यार नहीं देखा। हमारा प्यार देखना है तो एक दिन हमारी किसी क्लास में आइयेगा।
सर्प हम हैं, इंसान आप हो और शिवजी CBSE है।
ये इतनी लंबी पोस्ट उस कन्या को समर्पित जिसका मुझे नाम भी नहीं मालूम लेकिन पिछली साल 12 D में थी